पहली पत्नी के होते हुए पति ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी का पत्नी ने विरोध किया तो देवर ने घर में बंधक बना लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
कासगंज के ढोलना क्षेत्र की विवाहिता ने अपने देवर पर दुष्कर्म करने व पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पति सहित पांच ससुरालीजन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।महिला की शादी फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद के मीरी कटरा निवासी सचिन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में कार की मांग करते हुए उत्पीड़न किया जाने लगा। महिला का आरोप है पति ने दूसरी शादी कर ली। देवर आकाश ने घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। महिला ने न्याय पाने को कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट ने पति, देवर सहित पांच ससुरालीजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।