22 मई, 2023
किसानों को धान और रागी के बीजों की बांटीं मिनी किटें, दी गईं कृषि सम्बंधी योजनाओं की जानकारियां।
कासगंज: किसानों को मोटा अनाज उगाने और बेहतर स्वास्थ्य के लिये मोटे अनाज की उपयोगिता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिये कलेक्ट्रेट परिसर में मिलेट्स मेला लगा कर बैनर और पम्पलेट्स के माध्यम से जनसामान्य को मोटे अनाज में पोषक तत्वों की जानकारियां दी गईं। विधायक सदर देवेन्द्र सिंह राजपूत एवं जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने मिलेट्स मेले का फीता काट कर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मानव जीवन के बेहतर स्वास्थ्य के लिये मोटे अनाज की उपयोगिता एवं गुणवत्ता परक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा स्वच्छता व खानपान की आदतों में सुधार लाकर जीवन शैली को और अच्छा बनाने का प्रयास करना जरूरी है। जिससे बीमारियों से बचा जा सके। विधायक सदर देवेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार द्वारा मानव स्वास्थ्य के लिये मोटे अनाज की उपयोगिता पर विशेष बल देने के लिये वर्ष 2023 को मोटे अनाज का वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। अब मोटे अनाज की मांग बढ़ रही है। तत्पश्चात किसान गोष्ठी में कृषि से सम्बंधित योजनाओं की जानकारी देकर किसानों की समस्याओं को सुनकर निराकरण किया गया। इस अवसर पर विधायक सदर व जिलाधिकारी ने किसानों को धान और रागी के बीजों की निःशुल्क मिनी किटें वितरित कीं।
जिलाधिकारी ने किसान गोष्ठी में कहा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हेतु ई-केवाईसी कराने के लिये आज से अभियान शुरू होकर 06 जून 2023 चलाया जायेगा। समस्त पंचायत भवनों पर कैम्प लगाकर अवशेष किसानों की ई-केवाईसी कराई जायेगी। भूलेखों का अंकन खतौनी के माध्यम से पीएम किसान पोर्टल पर होगा। साथ ही सम्बंधित बैंक में भी ईकेवाईसी करानी होगी। यदि किसी की किसान सम्मान निधि की किश्त नहीं आ रही है तो कैम्प में जाकर अवश्य संपर्क करें। उद्यान विभाग की योजनाओं में प्राप्त 72 आवेदन पत्रों में से मात्र 05 स्वीकृत होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये प्रत्येक आवेदन की पूरी जानकारी मांगी और अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिये।
मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने कहा कि किसान पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज को उगाकर अपनी आय में बढ़ा सकते हैं। मोटा अनाज उगाने में पानी की कम जरूरत होती है। जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि 04 करोड़ 57 लाख रू0 के सापेक्ष गन्ना किसानों को 03 करोड़ 13 लाख रू0 का भुगतान कर दिया गया है। वर्तमान में किसानों का 01 करोड़ 11 लाख रू0 अवशेष है, जिसके भुगतान कराने के प्रयास किये जा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि जिले में 20 एफपीओ हैं, जिनमें से 16 सक्रिय हैं। गोष्ठी में कृषि, उद्यान, पशु चिकित्सा, लघु सिंचाई, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों ने किसानों को कृषि से सम्बंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विद्युत, सिंचाई, उद्यान, पशु चिकित्सा एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में उन्नतशील किसान तथा एफपीओ के सदस्य आदि उपस्थित रहे।
------------
संभावित बाढ़ से पूर्व तैयारी किये जाने से सम्बंधित बैठक आज
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में आज 23 मई 2023 को दोपहर 12 बजे, कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संभावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ से पूर्व तैयारी किये जाने से सम्बंधित बैठक का आयोजन किया जायेगा।
अधिशाषी अभियंता सिंचाई अरूण कुमार द्वारा उक्त जानकारी देते हुये सम्बंधित अधिकारियों से बैठक में समय से उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।
-------------
एमएमएमई इकाईयों का पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक।
कासगंज: उपायुक्त उद्योग दुष्यंत कुमार ने बताया कि कतिपय एमएसएमई-लघु एवं मध्यम स्तर की इकाइयों द्वारा अपना पंजीयन यूआरसी पोर्टल पर नहीं कराया गया है। जिससे संचालित इकाइयों की वास्तविक संख्या की जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। फलस्वरूप प्रदेश स्तर पर नीति निर्धारण व अन्य कार्यों में वाधा उत्पन्न होती है। साथ ही शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ भी इकाइयों को नहीं मिल पाता है।
शासन के निर्देशानुसार 01 जून से 15 जून 2023 तक यूआरसी पोर्टल पर इन इकाइयों के पंजीयन कराने का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जायेगा। जनपद कासगंज में संचालित समस्त एमएमएमई इकाई संचालक अपनी इकाई का पंजीयन यूआरसी पोर्टल पर कराते हुये पंजीयन की प्रति कार्यालय जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र कासगंज अवश्य जमा करा दें। विस्तृत जानकारी एवं सहयोग हेतु किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
-------------