शादी के आठ साल बाद विवाहिता की हत्या कर दी गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मायके वालों ने बताया कि दहेज के लिए बेटी को परेशान किया जाता था।
कासगंज के थाना अमांपुर क्षेत्र के नगला भिवानी में एक महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला के पिता ने हत्या किए जाने का आरोप ससुरालीजन पर लगाया है
गांव नगला भिवानी निवासी निशा (28) पत्नी रवि का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जिसकी जानकारी जब अन्य ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने उसके मायके हीरापुर सिढ़पुरा में सूचना दी। उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उनके द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्यों को एकत्रित किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा करने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पिता नेत्रपाल का कहना है कि उनकी पुत्री निशा की शादी 2015 में रवि के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति व ससुरालीजन उसका दहेज के लिए उत्पीड़न कर रहे थे। ससुरालीजन ने उसकी हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया है।
*कासगंज से RK वर्मा की रिपोर्ट*