अलीगढ़,
सबका साथ सबका विकास का संकल्प लिए सत्तारूढ़ पार्टी की विकसित भारत संकल्प यात्रा जनपद के हर गांव में पहुंच रही है। इसी अभियान के तहत विकास खंड पटियाली के ग्राम नगला आशानंद में विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य, कृषि एवं राजस्व विभाग के कर्मी पहुंचे।
उक्त सभी विभागों के कर्मियों ने गांव वासियों को एलईडी टीवी के माध्यम से अपने अपने विभाग में सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देकर समस्याओं का त्वरित समाधान किया। स्वास्थ्य विभाग से सी एच ओ जुनैदा फातिमा और अश्वनी कुमार दीक्षित ने स्वास्थ्य विभाग में चलाई जा रही प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी दी। और साथ ही साथ पात्र लोगो के आयुष्मान कार्ड भी बनाए।
कृषि विभाग से एडीओ अतुल शर्मा एवं दिनेश ने क्षेत्रीय किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, हेल्थ कार्ड एवं प्राकृतिक खेती की जानकारी प्रदान की। वहीं एडीओ पंचायत मंजुल कुमार, ग्राम विकास अधिकारी रंजीत यादव ने राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान भाजपा मंडल संयोजक अवधेश दुबे और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।